सिद्धपीठ पथरौल में उमड़ी भक्तों की भीड़
मधुपुर (देवघर) : सिद्धपीठ पथरौल में मां काली की पूजा-अर्चना करने के लिए बुधवार को भक्तों की भीड़ उमड़
मधुपुर (देवघर) : सिद्धपीठ पथरौल में मां काली की पूजा-अर्चना करने के लिए बुधवार को भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार, बंगाल एवं झारखंड के कई प्रांतों से हजारों श्रद्धालु मंगलवार की रात से मंदिर परिसर पहुंचने लगे। समूचा इलाका भक्तिमय बना हुआ है। दीपावली के अवसर पर यहां तीन दिवसीय मेला भी शुरू हो गया है, जो शुक्रवार तक चलेगा। दीपावली के अवसर पर मां की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। काली पूजा के पूर्व मां की षोडषोपचार विधि से पूजा की गई। सर्वप्रथम माता का दूध, दही, घी, मधु, शक्कर के पंचामृत से अभिषेक किया गया। शुक्रवार की शाम माता का भव्य श्रृंगार होगा। मंदिर के पुजारी ठाकुर आकुल आचार्य ने बताया कि वार्षिक राजश्री पूजा टिकैत परिवार की ओर से तंत्रोक्त विधि से की जाती है। शनिवार देर शाम तक मां की त्रिसंध्या पूजा होगी।
अन्य जगहों पर भी होगी मां की आराधना
दीपावली व काली पूजा पर अनुमंडल मुख्यालय का माहौल भक्तिमय बन गया है। विभिन्न काली मंदिरों, पूजा पंडालों में चहल-पहल बढ़ गई है। मां काली की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में मूर्तिकार लगे हुए हैं। श्रीश्री सिद्धेश्वरी मंदिर, कालीपुर टाउन, मीना बाजार सहित विभिन्न पूजा पंडालों में पूजा की तैयारी अंतिम चरण में हैं। कई स्थानों पर तंत्रोक्त तो कई जगहों पर वैष्णव रीति-रिवाज से मां की आराधना होती है।