मानव कल्याण के लिए कार्य करें वैज्ञानिक
मधुपुर (देवघर) : महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को विज्ञान मेला का आयोजन किया गया
मधुपुर (देवघर) : महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। छात्रों को शिशु, बाल, किशोर व तरुण वर्गो में बांटा गया था। प्रत्येक वर्ग में पांच विषय निर्धारित किए गए थे। मेला में युवा और बाल वैज्ञानिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभाओं के मूल्यांकन के लिए प्रत्येक वर्ग में तीन-तीन निर्णायक नियुक्त किए गए थे। विज्ञान मेला का शुभारंभ मधुपुर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. निखिलचंद्र झा ने किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के साथ वैज्ञानिकों को आगे बढ़ते हुए मानव कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। शिक्षक डमरूधर सिंह ने विज्ञान मेला को प्रतिभा खोज का नाम दिया। कहा कि इस क्षेत्र में ऐसे आयोजन की जरूरत है। प्रधानाचार्य गोपाल मिस्त्री विश्वकर्मा ने बच्चों के परिश्रम व प्रतिभा प्रदर्शन पर बधाई दी। विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी में कुल 173 छात्र-छात्राओं ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए। इसमें प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करनेवाले बच्चे प्रांतीय विज्ञान मेला में भाग लेंगे। जो आगामी तीन व चार नवंबर को विद्यालय में ही आयोजित होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन किरण राय व धन्यवाद ज्ञापन शिवनाथ झा ने किया।