ग्रिड निर्माण के बाद नहीं गुल होगी बिजली
मधुपुर (देवघर) : सूबे के सहकारिता एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने शुक्रवार को पहाड़
मधुपुर (देवघर) : सूबे के सहकारिता एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने शुक्रवार को पहाड़पुर में बन रहे ग्रिड का निरीक्षण किया। उन्होंने लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) कंपनी के अभियंता से कार्य के प्रगति की जानकारी ली और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। सरकार से राशि उपलब्ध कराने के बाद भी कार्य में तेजी नहीं देख मंत्री ने अभियंताओं और कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि हर हाल में चार माह के अंदर ग्रिड का काम पूरा हो जाना चाहिए। विद्युत बोर्ड के चेयरमैन से बात हुई है जल्द ही कानो पावर सबस्टेशन के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि ग्रिड का कार्य पूरा होते ही मधुपुर से बिजली संकट स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगा। फरवरी के अंत तक ग्रिड चालू होने की उम्मीद है। कंपनी को राशि नहीं मिलने के कारण कई माह से काम बंद था। लेकिन उनके प्रयास के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व ऊर्जा मंत्री राजेंद्र सिंह ने बकाया विपत्र का भुगतान करा दिया है। निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा हो इसका लगातार प्रयास किया जा रहा है। अभियंताओं ने बताया कि 20 करोड़ की लागत से ग्रिड स्थल पर 132/33 केवीए का 44 टॉवर लगाया जाएगा। 18 टावर का निर्माण पूरा कर लिया गया है। जबकि जामताड़ा से ग्रिड तक में 179 में 159 टावर खड़ा करने का काम किया जा चुका है। शेष पर काम चल रहा है। इसके बाद तार जोड़ने का काम किया जाएगा। बताया कि 50-50 एमवीए का दो ट्रांसफार्मर तीन माह पूर्व ही ग्रिड स्थल पर इंस्टाल किया जा चुका है। मौके पर एसडीओ नंदकिशोर लाल, झामुमो जिला प्रवक्ता अबू तालिब अंसारी, वरीय सचिव फैयाज अहमद, मो. राजा आदि उपस्थित थे।