पार्किग नहीं रहने से यातायात प्रभावित
देवघर : देवघर जैसे महत्वपूर्ण शहर में एक भी निर्धारित पार्किंग स्थल नहीं है। इस कारण छोटी गाड़ी जहां-
देवघर : देवघर जैसे महत्वपूर्ण शहर में एक भी निर्धारित पार्किंग स्थल नहीं है। इस कारण छोटी गाड़ी जहां-तहां अवैध रूप से खड़ी रहती है। इस वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। समस्या है कि यातायात व्यवस्था को देखना पुलिस का काम है लेकिन पार्किंग स्थल नगर निगम की जिम्मेदारी है। नगर निगम इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही। जानकारी हो कि राय कंपनी चौक, मदरसा, दिनबंधु स्कूल के आसपास सड़क किनारे की जगह को निजी वाहनवालों ने हथिया रखा है। सर्राफ स्कूल, स्टेशन रोड, पुराना मीना बाजार चौक, पालिका बाजार चौक, स्टेडियम रोड आदि जगहों पर ऑटो वाले जमे रहते हैं। गाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन फिर भी पड़ाव की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। इस बारे में एसपी राकेश बंसल का कहना है कि ये गंभीर समस्या है। पुलिस चाहकर भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं कर सकती। ये काम नगर निगम व जिला प्रशासन का है। इस बारे में संबंधित लोगों को सूचित भी किया गया है। लेकिन कोई कार्रवाई इस दिशा में अब तक नहीं हुई है। परिणाम है कि यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे पुलिस की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में शहर में पार्किंग की व्यवस्था जल्द से जल्द किए जाने की जरूरत है।