प्रदेश की दशा-दिशा बदलने में झाविमो सक्षम
सारठ (देवघर) : प्रखंड के बोचबांध, बसहाडंगाल, गोबरशाला, बलथरा, मिसराडीह, नयाखरना आदि गांवों में झाविम
सारठ (देवघर) : प्रखंड के बोचबांध, बसहाडंगाल, गोबरशाला, बलथरा, मिसराडीह, नयाखरना आदि गांवों में झाविमो के प्रधान महासचिव प्रदीप यादव ने गुरुवार को नुक्कड़ सभा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को झाविमो की उपलब्धि के बारे में बताया। कहा कि 14 साल बाद भी राज्य की दशा नहीं सुधरी है। सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों को नहीं मिल रहा है। सरकारी विद्यालयों में शिक्षक नहीं हैं तो अस्पताल में चिकित्सक व दवाईयां उपलब्ध नहीं है। बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। भाजपा का नारा हर हाथ में काम व हर खेत में पानी महज कागजी बनकर रह गया है। झामुमो, कांग्रेस और राजद पर सत्ता में आकर खजाना लूटने का आरोप लगाया। कहा कि झाविमो ही प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदल सकती है। वर्तमान सरकार ट्रांसफर-पोस्टिंग को उद्योग बना दिया गया है। झाविमो की सरकार बनने पर टेट पास शिक्षकों की सीधी नियुक्ति, पारा शिक्षकों का स्थायीकरण छह माह में कर दिया जाएगा। मौके पर जिलाध्यक्ष नागेश्वर सिंह, डॉ. सिराज अंसारी, विष्णु राय, परेश तिवारी, पप्पू तिवारी, ज्योति सिंह, अली अशरफ, देबू पोद्दार, सीताराम साह आदि उपस्थित थे।
उधर मोहनपुर के चौपा मोड़ यात्री शेड में झाविमो की बैठक प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें 26 अक्टूबर को होनेवाली विधानसभा संकल्प रैली पर विचार-विमर्श करते हुए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को इसमें शामिल होने की बात कही गई। बैठक में विधानसभा प्रभारी विपिन देव, जिला महामंत्री दिनेश मंडल, डॉ. प्रेम कुमार भारती, जिप सदस्य संतोष पासवान, निर्मला भारती उपस्थित थे।