योगेंद्र साहू मामले की हो सीबीआइ जांच : बाबूलाल
मधुपुर (देवघर) : सूबे के मंत्री योगेंद्र साहू के उग्रवादियों से साथ संबंध रहने के सवाल पर झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच सीबीआइ से कराई जाए। तारा शाहदेव-रकीबुल प्रकरण के सवाल पर कहा कि इस मामले का जांच प्रभावित नहीं हो इसके लिए हेमंत सरकार के दोनों मंत्रियों को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। अथवा दोनों मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए।
वे गांधी चौक पर बिजली-पानी के मुद्दे पर पांच दिन से अनशन पर बैठे अपने कार्यकर्ताओं का अनशन तुड़वाने पहुंचे थे। बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में बिजली व पेयजल विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ता सफल होने के बाद अनशनकारी सहीम खान, अल्ताफ हुसैन, पंकज कुमार सिंह व मो. आरिफ अंसारी को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया गया।
इसके बाद गांधी चौक पर जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को नसीहत दी कि वे जनता के सेवक हैं। किसी भी समस्या का समाधान करना अधिकारियों का कर्तव्य है। कहा कि शहर को सुंदर और स्वच्छ रखना जरूरी है बशर्ते कि गरीबों के पुर्नवास को सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी इसके लिए समाज के प्रबुद्ध, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ वार्ता कर रास्ता निकालें।
अनशनकारियों से वार्ता करते हुए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता रामजन्म यादव ने कहा कि शहरी क्षेत्र में जर्जर 11 हजार केवीए तार का बदलने व मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। 35 किमी के बजाए 50 किमी क्षेत्रफल में जर्जर तार को बदला जाएगा। शहरी क्षेत्र में एवी स्वीच लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। ग्रिड निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है जो तीन माह में पूरा हो जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में छूटे हुए 68 गांव में विद्युतीकरण एक माह में पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही नियमित आपूर्ति का प्रयास जारी है। जल्द ही रोटेशन से आपूर्ति बंद कर शहरी क्षेत्र का फीडर अलग कर दिया जाएगा। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता ने कहा कि कम से कम छह घंटा बिजली लगातार मिलने के बाद पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित की जा सकती है। चापाकल की मरम्मत के लिए निविदा निकाला जा चुका है। एक माह में सभी चापाकल का मरम्मत कर दिया जाएगा। शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए नगर परिषद को इसे टेकओवर करने को कहा गया है। मौके पर झाविमो जिलाध्यक्ष नागेश्वर सिंह, देवघर नगर निगम के उपमेयर संजयानंद झा, रणधीर सिंह, विपिन देव, अनूप लाल यादव, गुलाब यादव, अशोक वर्मा, दिनेश मंडल, प्रमोद विद्यार्थी, संतोष पासवान, गोल्डी केवट, सुनीता रवानी, मनोज सिंह, गुलजार खान, पारस यादव, साकिब खान, ग्यासउद्दीन खान, रवि पाण्डेय उपस्थित थे।