स्वास्थ्य पखवारा में परिवार नियोजन पर जोर
देवघर : परिवार स्वास्थ्य पखवारा का मंगलवार को सदर अस्पताल में उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष किरण कुमारी ने देश में बढ़ती जनसंख्या की समस्या को देखते हुए परिवार नियोजन फोकस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे परिवार व समाज दोनों का भला होगा। वहीं सिविल सर्जन डॉ. दिवाकर कामत ने कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। यह कार्यक्रम 15 सितंबर तक जिला व प्रखंड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले में 16.3 लाख की जनसंख्या में से 630 का एनएसवी, 1560 का बंध्याकरण व 3900 को कापर टी लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान परिवार नियोजन की अन्य विधि के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही इस बारे में लोगों को जागरूक करने का कार्यक्रम चलाया जाएगा। साथ ही दवा का भी वितरण होगा। इस दौरान छोटा परिवार सुख का आधार नाटक प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर डीआरसीएचओ डॉ. सुधीर प्रसाद, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. आरएन प्रसाद, डीएस डॉ. शोभान मुर्मु, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. केएन झा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।