सभी सीट पर चुनाव लड़ेगा झाविमो : बाबूलाल
पालोजोरी (देवघर) : आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीट पर दमखम के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भय, भूख व भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ा जाएगा। जनता के समक्ष भाजपा, झामुमो व कांग्रेस की नाकामियों को रखा जाएगा। झाविमो ने तीन प्रमंडल में कार्यकर्ता सम्मेलन कर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं के फीडबैक से पार्टी में जबरदस्त उत्साह का संचार हुआ है। झाविमो चुनाव में अपने बूते पर सरकार बनाएगी और विकास की एक नई इबारत लिखेगी। वहीं सारठ विस क्षेत्र से भी प्रत्याशी दिया जाएगा। गठबंधन के सवाल पर कहा कि समान विचारधारा वाले दलों की ओर से पहल होने पर विचार किया जाएगा। इस दौरान दर्जनों लोगों ने झाविमो का दामन थामा। मौके पर रणधीर सिंह, बाबूसल हांसदा, अंगद मोदी, उपेंद्र मंडल, संतोष साह समेत अन्य उपस्थित थे।