दस दिन में मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन
सारवां (देवघर) : फसल बीमा का भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर किसानों ने शनिवार को जिप सदस्य जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। विभिन्न दलों के प्रतिनिधि, पैक्स अध्यक्ष तथा किसान सुबह से ही प्रखंड मुख्यालय पहुंचने लगे थे। इन्होंने अविलंब मांगों पर विचार करते हुए किसानों व अन्य लोगों को सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके बाद राज्यपाल के नाम से संबोधित मांगपत्र प्रधान सहायक ज्योतिंद्र दास को सौंपा। कहा गया कि अगर दस दिन के अंदर मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेता बादल पत्रलेख, झामुमो के प्रभात सिंह, विनोद वर्मा, निरंजन वर्मा, साजिद अंसारी, रामचंद्र साह, रामनारायण राय, विजय मंडल, कामदेव, धनंजय वर्मा, सुधीर सिंह, राजकिशोर सिंह आदि शामिल थे। धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई थी। महिला पुलिस के अलावा सशस्त्र बल थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में मुस्तैद रहे। बीडीओ धीरेंद्र कुमार ने बताया कि वे क्षेत्र भ्रमण के लिए गए थे।
मुख्य मांग
-फसल बीमा का अविलंब भुगतान।
-सभी वृद्धों को पेंशन समेत अन्य लाभुकों को सरकारी मदद।
-टेन प्लस टू विद्यालय में सीट बढ़ाने।
-मनरेगा मजदूरों का अविलंब भुगतान।
-साइकिल वितरण में बरती जा रही अनियमितता की जांच।