कांवरियों की मौत की उड़ती रही अफवाह
देवघर : कतार में नहीं लगने तथा व्यवस्था से नाराज कांवरियों ने सोमवार को सत्संग चौक के पास सड़क जाम कर दिया।
इसके चलते देवघर-जसीडीह व सत्संग-बैजनाथपुर बायपास पर आवागमन बाधित रहा। इस दौरान कांवरियों ने व्यवस्था व प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। दर्जनों की संख्या में जमा कांवरियों का कहना था कि व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है पुलिस कांवरियों पर लाठी बरसा रही है। हालांकि यह जाम आधा घंटा बाद हट गया।
भीड़ में दबने से कांवरियों की मौत की अफवाह भी दिनभर उड़ती रही। जाम पर बैठे कांवरिए भी यह कह रहे थे कि कई कांवरियो की मौत हो गई है, लेकिन यह महज अफवाह ही था।
आवागमन का मार्ग बदला, हर जगह जाम की स्थिति
जासं, देवघर : तीसरी सोमवारी को बाबानगरी में इस कदर जनसैलाब उमड़ा की पूरा शहर जाम हो गया।
स्थिति यह हो गई कि देवघर-जसीडीह मार्ग पर पूरी तरह से कांवरियों का कब्जा हो गया था। नतीजतन जसीडीह जानेवाली गाड़ियों का मार्ग बदलना पड़ा। इन्हें रोहिणी होकर जसीडीह जाने की जहमत उठानी पड़ी। इसके चलते सबसे ज्यादा रेलयात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सत्संग चौक के पास तो पूरे दिन जाम कि स्थिति बनी हुई थी। स्थिति यह थी कि यहां यातायात बहाल करने के लिए तकरीबन आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को लगाया गया था। बावजूद इसके जाम कि स्थिति बनी रही, जबकि यातायात बहाल करने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट रहे थे। यही हाल बरमसिया चौक पर भी था। सुबह छह से 10 बजे तक पूरी सड़क पर कांवरिया बैठ गए था, नतीजतन इधर से भी वाहन का आवागमन पूरी तरह से बंद था। उधर मार्ग बदले जाने पर कई लोग जवानों से ही उलझ गए।