कांवरियों के सैलाब ने दिखाया तीसरी सोमवारी का ट्रेलर
देवघर : शनिवार को राहत के बाद रविवार को एक बार फिर बाबानगरी में कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा। इसने तीसरी सोमवारी की झलक दिखाई कि दूसरी सोमवारी से तीसरी सोमवारी कम नहीं रहेगी।
निश्चित रूप से तीसरी सोमवारी प्रशासन के लिए चुनौती रहेगी। रविवार को उमड़ी भीड़ का ही परिणाम था कि कुमुदिनी घोष रोड में अफरातफरी की स्थिति बनी हुई थी। सुबह 10 बजे उस समय भगदड़ जैसी स्थिति बन गई जब नंदन पहाड़ की ओर से दौड़ते हुए कांवरिया मोनिका गैस के समीप आकर एकत्रित हो गए। यह स्थिति उस समय हुई जब मेला ड्यूटी में लगे अधिकांश कर्मी कतार को नियंत्रित करने के बजाय साइड पकड़े हुए थे।
बताते चलें कि सुबह से ही कांवरियों का रैला कतार में लगने के लिए बढ़े जा रहा था। परिणाम हुआ कि सुबह 8 बजे ही कतार नंदन पहाड़ तक पहुंच गई थी। विद्युभूषण सरकार रोड में तो एक तरफ कतार बढ़ रही थी तो दूसरी तरफ से कांवरियों का झुंड कतार में लगने के लिए दौड़ रहा था। नतीजतन इस मार्ग में आवागमन काफी मुश्किल हो गया था।