देवघर में सीआरपीएफ जवान के घर डाका
- आधा दर्जन अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
- एक हिरासत में, पुलिस को हाजरा गिरोह पर शक
जागरण संवाददाता, देवघर : कुंडा थाना अंतर्गत करनीबाग ज्योति नगर मोहल्ले में सीआरपीएफ जवान के घर अपराधियों ने मंगलवार देर रात धावा बोलकर करीब 2.50 लाख की संपत्ति लूट ली। जवान नीरज कुमार सिंह की पत्नी आभा देवी के बयान पर डकैती का मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया कि रात 2:30 से 3 बजे के बीच आधा दर्जन अपराधी आभा देवी के घर के बाहर की खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। बदमाश एक कमरे में सो रहे युवक के पास पहुंचे तो उसकी नींद टूट गई। एक बदमाश ने कहा कि तुम्हारा नाम जौंटी है। युवक ने हामी भरी तो कहा कि इसे उठकर ले चलो। बाद में युवक का पांव बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया। इस दौरान अन्य बदमाश कमरे में घुसे और वहां सो रही दो महिलाओं को कब्जे में ले लिया। उसके बाद अलमारी की चाबी लेकर उसे खोला और सोने की तीन चेन, चार जोड़ी कान की बाली, तीन अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की बाली, पांच हजार नगद, बच्चे की किताब-कॉपी सहित स्कूली बैग व अन्य सामान ले गए।
इसके बाद महिला ने आसपास के लोगों को जगाया। तत्काल एसपी व अन्य पुलिस पदाधिकारियों को सूचित किया गया। पुलिस छानबीन के दौरान दरवाजे पर लगा बल्ब खुला मिला। उसपर एक गमछा टंगा था। बताया गया कि डकैतों की उम्र 35 वर्ष के आसपास थी। एक दुबला व लंबा था। एक मोटा था। अन्य नाटे कद के थे। कुछ हाफ पैंट व अन्य जांघिया पहने थे। वे हिंदी में बात कर रहे थे। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर अरविंद उपाध्याय, नगर थाना प्रभारी नुनुदेव राय, कुंडा थाना प्रभारी इजी बागे आदि ने छानबीन की तो अहाते में टूटा हुआ ग्रिल व बैग मिला। अहाते में बने एक कमरे में लगा ताला टूटा हुआ था जिससे ये अंदाज लगाया गया कि बदमाश काफी पहले वहां पहुंचे थे और वारदात के लिए इंतजार किया। पुलिस ने नाकेबंदी कर दी और सारवां थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव में हाजरा गिरोह की तलाश में छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा गया। दूसरा भाग निकला। बाद में दुमका से खोजी कुत्ता मंगाया गया। डकैतों का हुलिया व तरीका देखकर पुलिस का शक कुख्यात हाजरा गिरोह की ओर जा रहा है।