गुजरात नहीं संभला तो देश कैसे संभालेंगे : बाबूलाल
मोहनपुर (देवघर) : गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में त्रिकोणात्मक संघर्ष में फंसे झाविमो पार्टी प्रत्याशी प्रदीप यादव के पक्ष में शनिवार को घोरमारा में सभा को संबोधित करते हुए झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कहा कि जिसने गुजरात नहीं संभाला, वह देश को क्या संभालेगा। 2002 के दंगों के लिए उन्हें दोषी करार देते हुए कहा कि दंगा को रोकने में वे विफल रहे। कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने मिलकर प्रदेश को कंगाल कर दिया है। पहले कांग्रेस ने मधु कोड़ा के साथ प्रदेश को बेचा, अब हेमंत के साथ मिलकर प्रदेश को लूट लिया। अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा और कांग्रेस ने मिलकर प्रदेश को कंगाल कर दिया है। मौके पर शकुंतला जायसवाल, चंद्रिका महथा, राजीव रंजन प्रसाद, संतोष कुमार, नागेश्वर सिंह, निर्मला भारती, प्रेम भारती, संतोष पासवान, जानकी यादव, पंचानंद मंडल, अश्विनी मंडल आदि उपस्थित थे। इसके पूर्व रामरेख यादव व कृष्णा यादव के नेतृत्व में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई।