अगलगी में दो लाख की संपत्ति राख
मोहनपुर : प्रखंड के चकरमा गांव में शनिवार को जाहिदा बीवी एवं नसीम अंसारी के घर में आग लग जाने के कारण लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इस कदर प्रबल थी कि अग्निशमन दल काफी मशक्कत के बाद इसे बुझा सका। पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे, अनुकांत दुबे, मंत्री सुरेश पासवान पहुंचे और घटना की जानकारी ली। नेताओं ने कहा कि आचार संहिता के कारण उन्होंने किसी तरह की आर्थिक पेशकश नहीं की। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गांव के लोगों ने बताया कि बगल में यूपीए की चुनावी सभा हो रही थी। इस दौरान घर व गांव के लोग हेलिकॉप्टर देखने गए थे। इस दौरान घरों में आग लग गई। पीड़ित नसीम ने बताया कि उनके घर में रखा 15 हजार नगद, दो पलंग, जेवर, कपड़ा, बर्तन सहित एक लाख की संपत्ति जल गई। इसी तरह जाहिदा बीवी के घर में 16 हजार नगद और दुकानदारी का सामान, साइकिल, बर्तन, कपड़ा, मोबाइल आदि जल गया। सूचना मिलने पर उप मुखिया शैलेश मिश्रा ने पीड़ित परिवारों को अंचल कार्यालय से तत्काल चावल उपलब्ध कराया।