स्वास्थ्य विभाग की माया कहीं धूप तो कहीं छाया
देवघर : स्वास्थ्य विभाग में एक ओर विभाग के पास अपने कर्मचारियों को समय से वेतन देने को पैसा नहीं है तो दूसरी ओर जिले में लाखों के उपकरण बिना जरूरत के खरीद लिए गए। देवघर में बड़े पैमाने पर पिछले 3-4 वर्षो में उपकरणों की खरीद हुई। इनमें से कुछ धूल फांक रही है तो कुछ का उपयोग ही नहीं है। पिछले दिनों रांची से एक टीम मामले की जांच करने यहां पहुंची थी। टीम ने भी माना कि बहुत से उपकरणों का उपयोग नहीं हो रहा। कुछ का यहां उपयोग ही नहीं है। देवघर सदर अस्पताल के एक कमरे में नयी एक्स-रे मशीन सहित अन्य उपकरण बंद कर रखा गया है। इस बारे में सिविल सर्जन तक को जानकारी नहीं थी। गुरुवार को जब उनका ध्यान आकृष्ट किया गया तो उन्होंने अस्पताल प्रबंधक से पूछा। बताया गया कि वर्ष 2012-13 में मशीन की खरीद हुई है। चूंकि यहां जगह नहीं है इस कारण उपयोग नहीं हो पा रहा। सिविल सर्जन डॉ. दिवाकर कामत ने कहा कि जगह की कमी है। नये भवन में इसका उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रांची से जो टीम आई थी वह पहले से मामले की जांच कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही टीम अपनी रिपोर्ट भी दे देगी। उसके बाद कार्रवाई भी संभव है। जानकारी हो कि ये हाल सिर्फ सदर अस्पताल का ही नहीं है अन्य पीएचसी व सीएचसी में भी उपकरणों का उपयोग नहीं हो पा रहा है।