तीन दिवसीय ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ
मधुपुर : गायत्री तीर्थ शांति कुंज हरिद्वार के तत्वावधान में प्रखंड के कल्हाजोर गांव में रविवार को कलश शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय ज्ञान यज्ञ सह नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ शुरू हुआ। इसके पूर्व प्रखंड संयोग कार्तिक यादव, पुरोहित सोहनलाल विश्वकर्मा द्वारा भूमि पूजन कराया गया। संयोजक ने कहा कि यज्ञ से वातावरण पवित्र होता है और पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश देता है। यज्ञ स्थल से कलशयात्रा सुबह सात बजे निकाली गई। इसमें 251 महिला व कुंवारी कन्याओं ने भाग लिया। मानव कल्याण, विश्व शांति के उद्देश्य से इसका आयोजन किया गया है। शांतिकुंज हरिद्वार से आए शिष्यों ने कहा कि विचार क्रांति अभियान के बारे में लोगों को बताया जाएगा। शाम छह बजे युग संगीत प्रवचन दिया गया। दूसरे दिन प्रात: पांच बजे प्रज्ञा योग, हवन, शाम सात बजे 251 दीप का दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। अंतिम दिन हवन यज्ञ, विभिन्न प्रकार के संस्कार कराएं जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुण कुमार यादव, शंकर कोल, मधुपुर प्रज्ञा पीठ गायत्री मंदिर के प्रचारक रामानुज कुमार, माधुरी कुमारी, छवि कुमारी, मनोज पूजहर, छत्रु कोल, जयनारायण रवानी, लखन रवानी, भुवनेश्वर पंडित आदि लगे हुए हैं।