साधन व सुविधा के बगैर चल रहा परिवहन कार्यालय
चतरा : जिले का परिवहन कार्यालय में साधन व सुविधाओं का घोर अभाव है। ऐसे में यह कार्यालय भगवान भरोसे
चतरा : जिले का परिवहन कार्यालय में साधन व सुविधाओं का घोर अभाव है। ऐसे में यह कार्यालय भगवान भरोसे चल रहा है। कार्यालय का काम प्रतिनियुक्त अधिकारी व कर्मियों के भरोसे संचालित हो रहा है। अभियान चलाने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान समय में जिला परिवहन पदाधिकारी का प्रभार उप निर्वाचन पदाधिकारी भोलानाथ लागुरी के जिम्मे है। वहीं जिला कार्यालय के दो सहायक शिवकुमार एवं संदीप कुमार की प्रतिनियुक्ति यहां की गई है। जिनके भरोसे कार्यालय के सभी कार्य चल रहे हैं। वाहन के नाम पर एक मात्र खटारा वाहन इन्हें उपलब्ध कराया गया है। अभियान के दौरान अगर पुलिस की सहायता नहीं मिले तो कुछ भी करना उनके लिए संभव नहीं है।
कितने पद हैं स्वीकृत
जिला परिवहन पदाधिकारी का एक, प्रधान लेखा लिपिक एक, लेखा लिपिक एक, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी दो एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के दो पद स्वीकृत हैं। इसके विरुद्ध एक भी पद पर विभाग के कर्मचारी कार्यरत नहीं है।