जहरीली गैस से छह मजदूर हुए अचेत, तीन की स्थिति गंभीर
हंटरगंज : वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के सलैया गांव के ठाकुर टोला में शनिवार को एक कुआं की सफाई के क्
हंटरगंज : वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के सलैया गांव के ठाकुर टोला में शनिवार को एक कुआं की सफाई के क्रम में जहरीली गैस से छह मजदूर अचेत हो गए। मजदूर डीजल पंप लगाकर कुआं की सफाई कर रहे थे। पंप कुआं के भीतर लगाया गया था। अचेत हुए मजदूरों में कमलेश ठाकुर, सुंदर भारती, शिव कुमार भारती, दिलीप ठाकुर, दिनेश ठाकुर एवं विकास पासवान के नाम शामिल हैं। जिसमें दिलीप ठाकुर, दिनेश ठाकुर एवं विकास पासवान की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मजदूरों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि शेष तीन का उपचार जोरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। जानकारी के अनुसार गांव के ठाकुर टोला में पानी का घोर संकट है। टोला का एक मात्र हैंडपंप महीनों से खराब है। ऐसे में ग्रामीणों ने एकमात्र कुआं की सफाई के लिए मजदूरों को लगाया था। दूषित जल की निकासी के लिए पंप सेट लगाया गया था। पंप सेट कुआं के भीतर होने के कारण गैस बाहर नहीं निकल पाया। एक के बाद एक मजदूर अचेत होकर वहीं गिर गए। बाहर खड़े ग्रामीणों को जब इसका अहसास हुआ, तो कुछ लोग कुआं के भीतर जा कर पंप सेट को बंद कर सभी मजदूरों को बाहर निकाले और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए।