दिल्ली की रिमोट से चल रही झारखंड सरकार
प्रतापपुर (चतरा): झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने राज्य की रघुवर सरकार पर बुधवार को जमकर प्रहार कि
प्रतापपुर (चतरा): झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने राज्य की रघुवर सरकार पर बुधवार को जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राज्य की संपत्ति दूसरे राज्यों के पूंजीपतियों के हाथों बेची जा रही है। मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की सरकार दिल्ली की रिमोट से संचालित हो रही है। राज्य के गरीब पलायन कर रहे हैं लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। सरकार सिर्फ और सिर्फ पूंजीपतियों को संरक्षण देने में जुटी हुई है। बाबूलाल एक दिवसीय प्रवास में प्रतापपुर आए हुए थे। इस क्रम में झाविमो सुप्रीमो ने गजवा पंचायत मुख्यालय में साप्ताहिक हाट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल ने कहा राज्य की सरकार बालू से तेल निकाल रही है। बालू घाटों की नीलामी कर पंचायत के अधिकार का हनन कर रही है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि चतरा जिला के 17 बालू घाटों की नीलामी की बोली ग्यारह करोड़ से अधिक लगी है। उन्होंने कहा कि राज्य का गठन हुए पंद्रह वर्ष होने को है, लेकिन उसके बाद भी यहां की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुई है। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार घोषणाओं पर टिकी हुई है। लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री महंगाई कम करने एवं भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण करने की बात करते थे। काला धन को वापस लाने और सभी के बैंक खाता में पंद्रह-पंद्रह लाख की राशि देने की बात कही थी। लेकिन सरकार गठन के एक वर्ष में ही प्रधानमंत्री इन सभी घोषणाओं को भूल गए। बाबूलाल ने कहा कि अब तक राज्य के लिए स्थानीय नीति नहीं बन सकी है। उन्होंने कहा कि बहाली को लेकर विज्ञापन तो निकाले जाते हैं, लेकिन बहाली नहीं की जाती है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सत्यांनद भोक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार को अस्तित्व में आए हुए एक वर्ष होने को है लेकिन देश की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुई। महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नारा सब का साथ, सब का विकास, अब उल्टा हो गया है। सब का साथ और सबका विनाश में बदल गया है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के नाम राज्य में करीब बाहर करोड़ रुपयों की उगाही की गई है। उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। समारोह को केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य नीलम देवी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इधर कुंदा चौक में भी बाबूलाल ने लोगों को संबोधित किया।
================
झाविमो सुप्रीमो का हुआ स्वागत
सिमरिया(चतरा): झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी बुधवार को सिमरिया पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाया और उनके समर्थन में नारे लगाए। मौके पर मरांडी ने राज्य सरकार के नीतियों के आलोचना की। कहा कि सरकार किसान और मजदूर विरोधी है। गलत नीतियों के कारण ही सरकार का पतन होगा। मौके पर सलीम अख्तर, ललन सिंह, विनोद पांडेय, आलोक रंजन, बंशी साव, सुभाष सिंह, नागेश्वर महतो, महावीर महतो सहित अन्य मौजूद थे। इधर लावालौंग प्रखंड के कल्याणपुर मुख्य चौक पर भी बाबूलाल का स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। मरांडी ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद मरांडी कोलकोले के रास्ते कुंदा रवाना हो गए। मौके पर केंद्रीय सदस्य नीलम देवी, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, जिलाध्यक्ष बालेश्वर यादव, अनुसूचित जनजाति के जिलाध्यक्ष छठू सिंह भोक्ता, सचिव संजय स्नेही, भोली साहु सहित अन्य उपस्थित थे।