दहेज के लिए विवाहिता की हत्या
मरकच्चो : मरकच्चो थाना क्षेत्र के ग्राम बांसडीह में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव कुएं से बरामद किया
मरकच्चो : मरकच्चो थाना क्षेत्र के ग्राम बांसडीह में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव कुएं से बरामद किया गया है। घटना के संबंध में मृतका के परिजनों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता मरकच्चो थाना क्षेत्र के चक निवासी रामा यादव ने बताया कि उनकी पुत्री चंदवा देवी (28) की शादी 2005 में मरकच्चो थाना क्षेत्र के ही ग्राम बांसडीह निवासी परमेश्वर यादव के पुत्र सुनील यादव के साथ हुई थी। शादी के चार वर्ष बाद पति सुनील यादव एवं उनके परिजन मोटरसाइकिल व पलंग के लिए उनकी पुत्री को दहेज को तंग व तबाह करने लगे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात्रि 12 बजे मुझे फोन पर खबर दिया गया कि आपकी पुत्री कुएं में गिरकर मर गई है। जब मैं शनिवार की सुबह अपने पुत्री के घर बांसडीह गया तो शव को कुएं से निकाला जा चुका था। मेरी पुत्री के गले एवं शरीर में जगह-जगह चोट के निशान थे। उन्होंने बताया कि दहेज की मांग पुरा किये जाने के कारण उनकी पुत्री को दामाद ने मारपीट एवं गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य को छिपाने की नियत से शव को कुएं में डाल दिया। मृतका को तीन छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। घटना की सूचना मिलने पर मरकच्चो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने की भनक मिलते ही मृतका के ससुराल वाले घर से फरार हो गए। इसके पूर्व मृतका के ससुराल वाले मृतका के परिजन से मामला को रफादफा करने के लिए दबाव बना रहे थे। मृतका के पिता रामा यादव के फर्दबयान पर घटना की जानकारी लेने पहुंची थाना प्रभारी किशुन दास व एसआई सोनी प्रताप ने दहेज हत्या का मामला दर्ज करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं थाना प्रभारी किशुन दास ने बताया कि कांड में मृतका के पति सुनील यादव, देवर राजेश यादव व सास को अभियुक्त बनाया गया है।