उग्रवादियों के खिलाफ चतरा व हजारीबाग पुलिस का संयुक्त अभियान
टंडवा (चतरा) : चतरा और हजारीबाग पुलिस ने बुधवार को उग्रवादियों के विरुद्ध संयुक्त छापेमारी अभियान की शुरूआत की। अभियान का नेतृत्व चतरा के पुलिस कप्तान प्रशांत कर्ण कर रहे हैं। अभियान के पहले दिन चतरा जिला के टंडवा व हजारीबाग जिला के केरेडारी थाना क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान में जिला बल के अलावा सीआरपीएफ के जवान भी शामिल थे। इस क्रम में उपरोक्त गांवों से सटे जंगलों को भी सर्च किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादियों का एक दस्ता चतरा एवं हजारीबाग जिला के सीमा पर विचरण कर रहा है। जिसके आलोक में पुलिस अधीक्षक प्रशांत कर्ण ने फौरन संयुक्त अभियान की रणनीति बनाई और कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि इस क्रम में पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व भाकपा माओवादियों ने पिपरवार में कोयला का डंप पर रोक लगाने का फरमान जारी किया था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान में टंडवा की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जया राय भी शामिल हैं।