सरकार के प्रस्ताव का होगा विरोध
संवाद सहयोगी, करगली : डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने कहा कि स्थानीय नीति व्यक्ति को पहचान दिलाती है। नि
संवाद सहयोगी, करगली : डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने कहा कि स्थानीय नीति व्यक्ति को पहचान दिलाती है। नियोजन नीति नौजवानों के लिए रोजगार का मार्ग सुनिश्चित करती है। वे सिंगारबेड़ा बालूबंकर स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को झारखंड आदिवासी एवं मूलवासी की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड में स्थानीय नीति के लिए कट ऑफ डेट 1985 प्रस्तावित किया है, उसका विरोध किया जाएगा। कहा कि इससे पूरे झारखंड के लोगों में आक्रोश है। 1932 के खतियान के आधार पर स्थानीय नीति झारखंड में लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार से कटकर झारखंड बना, तो स्थानीय नीति भी वहीं की होनी चाहिए।
झामुमो बोकारो जिला के पूर्व सचिव बेनीलाल महतो ने कहा कि हर राज्य में तीसरे व चौथे वर्ग की नौकरी में स्थानीय लोगों को ही नौकरी दी जाती है।विस्थापित नेता काशीनाथ केवट, गौरीशंकर महतो, नागेश्वर करमाली, संतोष महतो, मोहन मुर्मू, गणेश महतो, जगदीश महतो, बैजनाथ महतो, गोराचंद महतो एवं मनोज सिंह ने कहा कि राज्य बने 14 वर्ष बीत गए, लेकिन अभी तक स्थानीय नीति नहीं बनना दुर्भाग्यपूर्ण है। यहां अध्यक्षता यदू महतो ने की, जबकि संचालन विश्वनाथ तूरी ने किया। पूर्व मुखिया जगदीश महतो सहित नरेश महतो, देवी दास, कृष्णा थापा, बिगन सोनी, मुन्ना गिरि, मधु पासवान, चंदन राम, छोटेलाल गुप्ता, राजेश महतो आदि उपस्थित थे।