विस्थापितों ने किया संयंत्र का गेट जाम
बोकारो : विस्थापित संयुक्त परिवार के तत्वावधान में सोमवार की सुबह पांच बजे बोकारो इस्पात संयंत्र का गेट जाम किया गया जो प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब नौ बजे हटाया गया। इस दौरान आंदोलन कर रहे 22 विस्थापित संगठनों ने संयंत्र के गेट संख्या-तीन एवं सीईजेड गेट को जाम रखा। दोनों गेट से किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। सभी गेट पर दंडाधिकारियों को सशस्त्र बल के जवानों के साथ तैनात किया गया था।
विस्थापितों ने शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन किया। बाद में दर्जनभर विस्थापित एनसीपी नेता रणधीर सिंह के घर पर गए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। सीईजेड गेट पर विस्थापितों की हुई सभा को संबोधित करते हुए झारखंड नवनिर्माण सेना के प्रमुख गुलाबचंद्र ने कहा कि बोकारो इस्पात प्रबंधन के अधिकारी बाहरी मानसिकता वाले हैं। इनके रहते विस्थापितों का भला नहीं होनेवाला।
उन्होंने बीएसएल के अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि अब बाहरी को भगाना होगा। फूलचंद महतो ने कहा कि विस्थापितों के सब्र का बांध टूट गया है। दिनेश झा ने कहा कि बेरोजगार विस्थापित अपना हक लेकर रहेंगे। मौके पर सहदेव साव, देवाशीष सिंह, राजकुमार मोदक, बंकिम सिंह, देव शर्मा, राजेश रवानी, परमेश्वर महतो आदि उपस्थित थे।