कुंभकारों को मिले सरकारी सहायता
बोकारो : झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ बोकारो इस्पात नगर समिति का सम्मेलन रविवार को सामुदायिक भवन सेक्टर 12 में हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक व समिति के संरक्षक सह संस्थापक अध्यक्षक योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा कि कुंभकारों को सरकारी सहायता मिलनी चाहिए। इनके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करनी चाहिए। राजनीति भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समाज के लोगों को एकजुट रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति सचेत होना होगा। समाज में शिक्षा का प्रसार कैसे हो, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र महतो ने कहा कि लोगों में आपसी सद्भाव व प्रेम का भाव रहे, इसलिए संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। शिक्षा के माध्यम से ही विकास संभव है। इसलिए बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करना चाहिए।
सर्वसम्मति से सम्मेलन में प्रस्ताव पारित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से बोकारो विधानसभा क्षेत्र से राजेन्द्र महतो, बेरमो विधानसभा से योगेश्वर महतो बाटुल एवं गोमिया विधानसभा से देव नारायण प्रजापति को टिकट देने की मांग की गयी। साथ ही समाज के लोगों से इसे सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास करने की अपील की गयी। अन्य वक्ताओं ने नई पीढ़ी को नई तकनीक की जानकारी उपलब्ध कराने, आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों को समाज की ओर से सहयोग करने, जिला स्तरीय वैवाहिक वेबसाइट का निर्माण करने, दहेज प्रथा को मिटाने आदि का निर्णय लिया गया। मौके पर आनंद महतो, अखिलेश्वर महतो, देव नारायण प्रजापति, बैजनाथ महतो, रासो देवी, ईश्वर चंद्र प्रजापति, सदानंद महतो, पुष्पा पंडित, कामेश्वर राम, विशेश्वर महतो, संजय कुमार, उदय चंद कुंभकार, पारितोष कुमार प्रजापति, मनोहर महतो आदि उपस्थित थे।