बच्चों की प्रतिभा को निखारना जरूरी
बोकारो : यूरेका प्ले स्कूल की ओर से रोटरी प्ले ग्रुप सेक्टर चार के सभागार में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि चिकित्सक डॉ. अनिंदो मंडल व समाजसेवी अनिल त्रिपाठी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ.मंडल ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारना आवश्यक है। स्कूलों में इस दिशा में बेहतर काम किया जा रहा है। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य श्रीमती नीलम दास ने किया। निदेशक घनश्याम दास ने विद्यालय की उपलब्धियों का वर्णन किया।
क्षितिज व समृद्धि रहे अव्वल
इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर लोगों को आनंदित कर दिया। बच्चों ने लकड़ी की काठी काठी पे घोड़ा..व रेल गाड़ी रेल गाड़ी छुकछुक छुकछुक रेल गाड़ी..गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने श्रीकृष्ण, पंडित के अलावा अन्य नायक-नायिकाओं का रूप धर लोगों का मन मोह लिया। फैंसी ड्रेस ग्रुप ए में क्षितिज कश्यप पहले, आर्यमन त्रिपाठी व यश पराशर दूसरे एवं प्रियम राज व आयुष कुमार तीसरे स्थान पर रहे। ग्रुप बी में आर्येन्द्र त्रिपाठी, समृद्धि सोनी व श्रेयांश झा क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। ग्रुप सी में समृद्धि सोनी ने पहला, आकांक्षा सिंह ने दूसरा एवं प्रेम कुमार व श्रेया आश ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।