सूबे में शिक्षामंत्री फैला रहीं नफरत
बोकारो : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर उनके फैसले पर विरोध जताया। पार्टी के जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह ने कहा कि झारखंड में रहनेवाले गैर मूलवासी झारखंडियों को बिहारी कहकर शिक्षा मंत्री उन्हें अधिकार से वंचित रखना चाहती हैं। यदि इसमें बदलाव नहीं हुआ तो इसका खामियाजा भुगतने के लिए झारखंड सरकार को तैयार रहना होगा।
कहा कि बिना स्थानीय नीति निर्धारण के झारखंड में रहनेवाले लोगों को उनके अधिकार से वंचित करना गलत है। टेट में भोजपुरी, अंगिका एवं मगही भाषा का विरोध उचित नहीं। झारखंड के 60 फीसद क्षेत्रों में इन भाषा-भाषियों की आबादी है। जब तक शिक्षा मंत्री टेट पास छह हजार बिहारियों को नियोजन नहीं देतीं, उन्हें बोकारो नहीं आने दिया जाएगा। मौके पर जीसी सिंह, मनोज कुमार, नागेंद्र सिंह, विजय बर्मन, दिनेश रजक, राजेश कुमार, केडी सिंह यादव आदि उपस्थित थे।