31 सीट के लिए थमा चुनाव प्रचार, मतदान कल
बोकारो : लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व के छठे चरण के तहत धनबाद संसदीय सीट के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया। अब प्रत्याशी और कार्यकर्ता लोगों से डोर-टू-डोर मिलकर वोट की अपील कर रहे हैं। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी माहौल में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है।
चौक-चौराहे पर खड़े लोग गुरुवार को होनेवाले मतदान पर चर्चा कर समीकरण तय करने में लगे हुए हैं। गुरुवार को धनबाद संसदीय सीट के मुख्य प्रत्याशियों में भाजपा के पीएन सिंह, कांग्रेस के अजय दुबे, टीएमसी के चंद्रशेखर दुबे, झाविमो के समरेश सिंह, मासस के आनंद महतो एवं आजसू की डॉ. हेमलता एस मोहन सहित 31 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा।
चुनाव प्रेक्षक ने तैयारी का लिया जायजा : निर्वाचन आयोग के चुनाव प्रेक्षक सुमति लाल बोहरा ने मंगलवार को जिले के उपायुक्त उमाशंकर सिंह सहित अन्य चुनाव पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारी का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर कर्मियों को बूथ पर भेजने का काम किया जाए। इस दौरान उनकी उपस्थिति में चुनाव कर्मियों का रैंडमाइजेशन का कार्य किया गया। मौके पर बियाडा सचिव एसएन उपाध्याय, राजेश कुमार राय आदि उपस्थित थे।
चुनाव प्रक्रिया से अवगत हुए सेक्टर-जोनल दंडाधिकारी : बोकारो इस्पात नगर के कलाकेंद्र सेक्टर दो में प्रशिक्षण कोषांग प्रभारी राजीव लोचन की देखरेख में शिविर लगाया गया। राजीव लोचन ने प्रथम पाली में सेक्टर/जोनल दंडाधिकारियों को चुनाव की प्रक्रिया से अवगत कराया। वरीय पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने सभी दंडाधिकारियों को उनके दायित्व के संबंध में बताया। साथ ही ईवीएम को धनबाद के स्ट्रांग रूम के संग्रहण स्थल पर जमा करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
द्वितीय पाली में माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गया। इस सत्र में धनबाद के लिए अधिसूचित सामान्य प्रेक्षक एसएल वोहरा ने चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन एवं माइक्रो ऑब्जर्वर के दायित्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही प्रपत्र को भरने के बारे में बताया। प्रथम पाली में 66 सेक्टर/जोनल दंडाधिकारी एवं द्वितीय पाली में 97 माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गया।