करगली में गुटीय संघर्ष, छह घायल
करगली/फुसरो (बेरमो) : बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत करगली 3 नंबर धौड़ा में शनिवार को दो गुट के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के बेरमो सीम निवासी नीतेश कुमार सिंह एवं अमरजीत सिंह को इलाज के लिए रीजनल अस्पताल करगली ले जाया गया।
दूसरे पक्ष के सुभाष नगर निवासी श्यामबिहारी दुबे, रिकेश कुमार दुबे उर्फ गड्डू एवं नीलकंठ दुबे का उपचार अनुमंडलीय अस्पताल फुसरो में किया गया। एक अन्य टिंकू दुबे का इलाज अन्यत्र कराया गया। घटना की सूचना पाकर बेरमो पुलिस ने घायलों से मिलकर मामले की जानकारी ली।
घटना के संबंध में एक पक्ष के घायल नीतेश एवं अमरजीत ने बताया श्यामबिहारी दुबे करगली 3 नंबर धौड़ा स्थित अपनी दुकान के पास सीसीएल खासमहल परियोजना के पानी टैंकर बीआरवाई-4665 से डीजल निकाल रहा था। हल्ला मचाने पर श्यामबिहारी दुबे, गुड्डू दुबे एवं टिंकू दुबे ने लोहे के रड एवं लाठी से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया।
उनलोगों ने उनकी सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीन लिया। दूसरे पक्ष के घायल श्यामबिहारी दुबे ने बताया कि वे कोयले का व्यवसाय करते हैं। शनिवार को 3 नंबर धौड़ा स्थित अपनी दुकान में पुत्र रिकेश दुबे एवं नीलकंठ दुबे के अलावा सुभाषनगर के टिंकू दुबे की उपस्थिति में हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी बीच दो मोटरसाइकिल पर सवार बेरमो सीम के राजू सिंह, पंकज सिंह एवं अन्य पांच-छह लोग हथियार के साथ पहुंचे और उनके पास रखे रुपये छीनने का प्रयास करने लगे। नहीं देने पर सभी को मार-पीटकर घायल कर दिया और 3.20 लाख रुपये लूटकर ले गए।