पूरा देश कांग्रेसी कुशासन के खिलाफ
चंदनकियारी (बोकारो) : चंदनकियारी प्रखंड के बरमसिया में शनिवार को धनबाद लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह के पक्ष में चुनावी सभा करने पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यदि मोदी की सरकार बनी तो देश में बेरोजगारी, महंगाई और आतंकवाद समाप्त हो जाएगा।
कहा कि देशहित और आत्मरक्षा के लिए आज भारत में भाजपा की सरकार का होना जरूरी है। ऐसा पहली बार हुआ कि पूरे देश में एक साथ एक स्वर से काग्रेस के कुशासन के खिलाफ और मोदी को पीएम बनाने की आवाज उठी है जो अच्छा संकेत है। पिछले दस साल में काग्रेस ने देश को खोखला करके रख दिया है। ऐसे में सभी को देश में चल रहे कांग्रेस भगाओ अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।
सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने बांग्ला भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबों की थाली से चावल तक छीन लिया है। उन्होंने कन्यादान योजना की शुरुआत की जिसे बंद कर दिया गया। इसी तरह लक्ष्मी लाडली योजना को भी प्रदेश की वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया।
उन्होंने कहा कि काग्रेस ने देश की जनता के साथ धोखा किया है। काग्रेस ने मधु कोड़ा तो कभी हेमंत सोरेन को मुखड़ा बनाकर प्रदेश को लूटा। मौके पर जिलाध्यक्ष अंबिका खवास, पूर्व विधायक रामदास राम, योगेश्वर महतो बाटुल, जिप अध्यक्ष मिहिर कुमार सिंह, विरंची नारायण, एनके राय, अखिलेश महतो, राजेंद्र महतो, मृत्युंजय शर्मा, आफताब कुरैशी, खगेंद्र महथा, प्रदीप हाजरा आदि उपस्थित थे।