संतोष हत्याकांड में विधायक समेत 9 पर प्राथमिकी
नावाडीह : चंद्रपुरा थाना और डीवीसी अस्पताल के पास लोगों के जोरदार आंदोलन के दबाव के बाद पुलिस ने अंतत: संतोष पांडेय हत्याकांड में दो लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही डुमरी विधायक जगरनाथ महतो समेत नौ लोगों के खिलाफ नावाडीह थाना में मामला भी दर्ज किया गया। डीवीसी अस्पताल में संतोष के दम तोड़ने के बाद पुलिस करीब 25 घंटे तक काफी दबाव में रही। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार राय भी घटना की जानकारी मिलने के बाद चंद्रपुरा में करीब आठ घंटे तक कैंप करते रहे।
बता दें कि ट्यूशन पढ़ाने के क्रम में शिक्षक संतोष पांडेय की सिमराकुल्ही की एक छात्रा से प्रेम हो गया। वह छात्रा को लेकर चेन्नई चला गया। पता चलने के बाद दोनों को यहां लाया गया। अलारगो में जनअदालत लगाकर डुमरी विधायक जगरनाथ महतो सहित कई लोगों ने संतोष की इस कदर पिटाई की कि वह बेहोश हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए डीवीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी।
इस मामले में मृतक के बड़े भाई अनंतलाल पांडेय की लिखित शिकायत पर विधायक जगरनाथ महतो, उनके अनुज बैजनाथ महतो के अलावा जितेंद्र पुरी, नेमी पुरी, कैलाश पुरी, केवल महतो, गणेश भारती, मेघलाल तुरी, सूरज तुरी के विरुद्ध कांड संख्या 55/2014 भादवि की धारा 302, 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी। आरोपियों में नेमी पुरी एवं गणेश भारती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अनंतलाल पांडेय ने प्राथमिकी में कहा है कि उसका भाई संतोष अपनी प्रेमिका के साथ चेन्नई गया था। वहां से बैजनाथ महतो के नेतृत्व में बोलेरो से उसे लाया गया। रास्तेभर उसके साथ मारपीट की गयी। इसके बाद अलारगो स्थित विधायक के आवास पर जनअदालत लगाकर विधायक के इशारे पर आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा। अधमरा होने के बाद विधायक के अंगरक्षक ने अपनी गाड़ी में लादकर चंद्रपुरा स्थित डीवीसी अस्पताल में फेंक दिया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार की दोपहर 12.30 बजे संतोष ने दम तोड़ दिया।
पांच सदस्यीय एसआइटी का गठन : संतोष हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने और मामले की जांच के लिए पुलिस मुख्यालय ने पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया है। उसमें बेरमो एसडीपीओ मनोज कुमार राय, सीटी डीएसपी सहदेव साव के अलावा बेरमो इंस्पेक्टर रामजी प्रसाद, नावाडीह थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत एवं चंद्रपुरा थाना प्रभारी बनारसी प्रसाद शामिल हैं।
''पुलिस मुख्यालय की ओर से गठित टीम के बाद पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक संतोष की मां और उसके भाई अनंतलाल पांडेय, राजेंद्र पांडेय एवं भोलानाथ पांडेय से अलग-अलग बयान लिया गया है।
- मनोज कुमार राय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो
हत्याकांड में भाजपा फंसा रही : जगरनाथ
बोकारो : गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के झामुमो प्रत्याशी जगरनाथ महतो ने भाजपा पर संतोष हत्याकांड में उन्हें फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के अलारगो गांव में युवक की हत्या को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसकी निंदा की। कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रही है। इस घटना में वे कहीं नहीं हैं। फिर भी उनका नाम लिया जा रहा है। पुलिस मामले का अनुसंधान करे, अगर वे दोषी हैं तो जेल जाने से पीछे नहीं हटेंगे।
भाजपा का कोई लेना-देना नहीं : रवींद्र
बोकारो : गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रवींद्र पांडेय ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के अलारगो गांव में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या के मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। इस दौरान धनबाद के सांसद पीएन सिंह भी उनके साथ थे।