विपक्ष की सोच से कहीं आगे निकला भाजपा का विजय रथ
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भाजपा के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भाजपा के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों व कार्यक्रमों से भाजपा का विजय रथ लगातार आगे बढ़ रहा है। विजय रथ ऐसी जगह पर पहुंच गया है, जिसके बारे में विपक्ष ने कभी सोचा नहीं था।
डोडा में प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी के उद्घाटन समारोह में खन्ना ने कहा कि भाजपा की देश के 17 राज्यों में सरकारें हैं और 1700 विधायक हैं। जीएसटी बिल को पारित करने और ओबीसी कमीशन को मंजूरी मिलने से लोग महसूस कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जरूरत है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन को मजबूत करें और सक्रिय होकर काम करें। लोगों के बीच जाकर सरकार की नीतियों बारे बताएं और उनकी समस्याओं का भी समाधान करवाएं। वहीं, उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने सरकार की उपलब्धियां बताते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, छात्राओं के लिए स्कूटी योजना, महिला पुलिस स्टेशन स्थापित करना, उज्ज्वला, एलईडी प्रोजेक्ट, बिजली सेक्टर में सुधार, जम्मू में पार्किंग स्थल बनाना, जम्मू को स्वंतत्र पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना, खेल की ढांचागत सुविधाएं देना व अन्य विकास प्रोजेक्टों के बारे में बताया। अपने अध्यक्षीय भाषण में प्रदेश भाजपा प्रधान सत शर्मा ने कहा कि डोडा वीरों की भूमि है। डोडा में कई राष्ट्रवादी नेता हुए हैं, जिन्होंने राष्ट्र के लिए कुर्बानियां दी हैं। यह भाजपा के लिए गौरव की बात है कि पूर्व प्रधान दया कृष्ण कोतवाल ने कई वर्षो तक संघर्ष किया और लोगों के आपसी भाईचारा के लिए काम किया। सांप्रदायिक ताकतों को जवाब दिया। रूचिर कुमार, स्वामी राज काटल, सतीश भंडारी ने राष्ट्र के लिए कुर्बानियां दीं। उन्होंने भाजपा की नीतियों की तारीफ करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब भाजपा की हर राज्य में अपनी सरकार होगी। बैठक में दो मिनट का मौन रखकर पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी गई। शोक प्रस्ताव पार्टी के महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह ने पढ़ा। बैठक में एमएलसी अशोक खजूरिया, विधायक शक्ति परिहार, दिलीप सिंह परिहार के अलावा भाजपा के मंत्री व अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।