सड़क की कटाई से मकानों को खतरा
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर : नेशनल हाईवे के दोहरीकरण को लेकर अफकॉन कंपनी द्वारा की जा रही कटाई के कारण बार
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर : नेशनल हाईवे के दोहरीकरण को लेकर अफकॉन कंपनी द्वारा की जा रही कटाई के कारण बारिश के दिनों में होने वाली भूस्खलन से परेशान संगूर बाईपास के स्थानीय लोगों ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सुरक्षा दीवार बनाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मकानों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई तो वह उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
बारिश से हो रहे भूस्खलन से तंग लोगों ने सुरक्षा दीवार बनाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासी संदूर सिंह के नेतृत्व में हाईवे निर्माण कंपनी अफकॉन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नेशनल हाईवे दोहरीकरण को लेकर कटाई का काम किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कंपनी की ओर से लोगों के मकानों की सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए हैं, जिस कारण ऊंचाई पर बने मकानों के गिरने का खतरा बन गया है। उन्होंने कहा कि अगर फिर से बारिश हो जाती है तो कई मकान भूस्खलन के चलते गिर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भूस्खलन होता है तो 40 के करीब परिवार बेघर हो सकते है। इसके बावजूद न तो जिला प्रशासन इस बात को लेकर गंभीर है ओर न ही हाईवे निर्माण कंपनी। इससे स्थानीय लोगों को हमेशा अपने मकानों के गिरने का खतरा सताते रहता है। उन्होंने कहा कि कई बार निर्माण कंपनी को इस बारे में अवगत करवा चुके है, लेकिन अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। प्रशासन और कंपनी की अनदेखी के कारण उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में कई परिवार अपने मकान खाली कर सुरक्षित स्थान की ओर चले जाते हैं, ताकि भूस्खलन के कारण कोई बड़ा हादसा न हो जाए। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर निर्माण कंपनी अफकॉन की ओर से सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई तो वह उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन में संजीव सिंह, भीम सिंह, शेर सिंह, सोहन सिंह, कांता देवी, बीना देवी, अंजू देवी सहित अन्य शामिल थे।