तेंदुए बना रहे पालतू जानवरों को अपना शिकार
संवाद सहयोगी, रियासी : जिले के सेर संडुआ इलाके में तेंदुए द्वारा पालतू जानवरों पर हमलों का सिलसिला जारी है, जिससे लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि पिछले चार दिनों में तेंदुए ने सेर संडुआ के मक्खन सिंह के बरामदे में घुस कर उसकी भेड़ को मार डाला था। इसी इलाके से लगते सारंग धार में खजूर सिंह की एक बकरी व सिंकदर बक्करवाल के बाड़े में में घुस कर दो बकरियों को शिकार बना डाला था। इसके अलावा सोमवार सुबह युसूफ गुजर की बैल पर हमला कर उसे भी मार डाला। इस इलाके में तेंदुए का आंतक लंबे समय से है। पिछले लगभग डेढ़ माह से उसके हमले बढ़ गए है, जिसमें कई पालतू जानवर मारे जा चुके है, जबकि घर व खेतों की रखवाली के लिए गांवों में कुत्ते तक नहीं बचे है। लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष वन्य जीव संरक्षण विभाग की टीम दो दिन यहां डेरा डाली थी, लेकिन चालाक तेंदुए उनके जाल में नहीं फंसा। अंत में टीम वापस लौट गई थी। अब तो यहां पर चार तेंदुए देखे जा रहे हैं। इनके दहाड़ने की आवाजें घरों में सुनाई देती है। लोगों ने संबंधित विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।