कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक मागरे का इस्तीफा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : प्रदेश कांग्रेस को उस समय झटका लगा जब अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के वरिष्
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : प्रदेश कांग्रेस को उस समय झटका लगा जब अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व विधायक एडवोकेट बशीर अहमद मागरे ने इस्तीफा दे दिया। मागरे ने कहा कि न सिर्फ रियासत में बल्कि केंद्रीय स्तर पर कांग्रेस अपनी नीतियों और जनता से विमुख होती जा रही है। कश्मीर को लेकर भी कांग्रेस कोई स्पष्ट नीति अपनाने में असमर्थ साबित हो रही है। मागरे प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कश्मीर को लेकर लगातार गलतियां की हैं, लेकिन इन्हें सुधारने के बजाय लगातार दोहराया जा रहा है। मैं बीते 45 साल से कांग्रेस में रहा। मुझे पता है कि यहां आम लोग कांग्रेस से क्या उम्मीदें रखते हैं। कांग्रेस आला कमान और प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं को आम कश्मीरी की उम्मीदों से कहीं ज्यादा अपनी सियासत की फिक्र है। इसलिए मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को मैंने अपना इस्तीफा भेज दिया है।
--कांग्रेस को होगा नुकसान-
एडवोकेट बशीर अहमद मागरे के इस्तीफे का नुकसान अनंतनाग संसदीय सीट के उपचुनाव में कांग्रेस को पहुंच सकता है। अनंतनाग सीट के लिए 12 अप्रैल को मतदान होना है। इस सीट पर नेकां के सहयोग से कांग्रेस ने प्रदेश प्रमुख जीए मीर को उम्मीदवार बनाया है। मागरे दक्षिण कश्मीर के जिला पुलवामा से संपर्क रखते हैं और उनकी वहां एक सज्जन सियासतदान के रूप में छवि है। वह 1972 में पुलवामा के राजपोरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। वर्ष 2010 से 2016 तक राज्य विधानपरिषद के सदस्य भी रहे हैं।