ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से कई विद्यार्थियों के छूटे पेपर
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : वाहनों के टैक्स बढ़ोतरी व अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को वादी के ट्रांसपोर्ट
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : वाहनों के टैक्स बढ़ोतरी व अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को वादी के ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर रहे। वाहनों को चक्का जाम होने के चलते लोगों को पैदल ही अपने अपने गंतव्यों की ओर रुख करना पड़ा। हड़ताल की सबसे ज्यादा मार विद्यार्थियों को झेलनी पड़ी। कई विद्यार्थियों के समय पर विश्वविद्यालय न पहुंचने पर उनके पेपर छूट गए।
गौरतलब है कि ट्रांसपोर्टर संगठनों ने सोमवार से 72 घंटों तक चक्का जाम की कॉल दी थी। इसका असर तड़के से ही नजर आया। सार्वजनिक वाहनों के साथ साथ तिपहिया वाहन भी सड़कों पर से गायब थे। जिन लोगों के पास निजी वाहन थे, उन्हें तो कोई परेशानी नहीं हुई। लेकिन सार्वजनिक वाहनों में सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी दिक्कतें झेलनी पड़ी। अधिकांश कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाए। वहीं, कश्मीर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को हड़ताल की सबसे ज्यादा मार पड़ी। अधिकांश विद्यार्थी समय पर विश्वविद्यालय नहीं पहुंच पाए, जिससे उनके पेपर छूट गए। विद्यार्थियों के अनुसार हड़ताल के चलते उनके क्वानटिटेटिव टेक्निक के पेपर छूट गए। हालांकि प्रशासन ने एसआरटीसी के कई वाहन यात्रियों के लिए उपलब्ध रखे थे, लेकिन उससे भी लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली और वह दिनभर दरबदर होते रहे।