श्रीनगर-लेह राजमार्ग यातायात के लिए बहाल
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : वादी में जोजिला दर्रे के निकट हुई बर्फबारी के चलते यातायात के लिए बंद श्रीनग
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : वादी में जोजिला दर्रे के निकट हुई बर्फबारी के चलते यातायात के लिए बंद श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार को वाहनों के आवागमन के लिए बहाल कर दिया गया। इस बीच, छोटी-बड़ी गाड़ियों को श्रीनगर से लेह और लेह से श्रीनगर के लिए रवाना किया गया।
गौरतलब है कि 435 किलोमीटर लंबे मार्ग को बुधवार देर शाम बर्फबारी के चलते यातायात के लिए बंद किया गया था। जोजिला दर्रे के निकट करीब सात इंच बर्फ जमा हो गई थी। मार्ग से बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया और वीरवार देर शाम बीकन कर्मचारियों ने मार्ग से बर्फ हटाकर इसे यातायात योग्य बना दिया गया। मार्ग को शुक्रवार सुबह यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। इस बीच, पहले वाहनों को श्रीनगर की तरफ रवाना किया गया। दोपहर बाद श्रीनगर से वाहनों को कारगिल की तरफ रवाना किया गया। खबर लिखे जाने तक मार्ग पर वाहनों के करगिल की तरफ रवाना होने का सिलसिला जारी था।
शुक्रवार को वादी में मौसम शुष्क रहा। शुष्क मौसम के बीच तापमान शून्य से नीचे बने रहने के चलते ठंड का प्रकोप जारी है। श्रीनगर और इससे सटे इलाकों में दिन में हल्की धूप छाई रही। इसके बावजूद लोग ठंड से जूझते रहे। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लद्दाख प्रांत का लेह क्षेत्र न्यूनतम तापमान -9.0 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। सनद रहे कि लेह में मौजूदा सर्दियों में यह अब तक का सब से कम न्यूनतम तापमान है। कारगिल में न्यूनतम तापमान -5.6 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में -4.6, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम -2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान भी वादी में मौसम के मिजाज जस के तस बने रहने की संभावना जताई है।