अठारह हजार से ज्यादा भक्तों के किए हिमलिंग के दर्शन
जागरण न्यूज नेटवर्क, श्रीनगर : श्री अमरनाथ यात्रा के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं में खासा जोश व उत्साह
जागरण न्यूज नेटवर्क, श्रीनगर : श्री अमरनाथ यात्रा के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं में खासा जोश व उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दोनों मार्गो बालटाल व पहलगाम से श्रद्धालु पैदल, घोड़े व पिट्ठू पर सवार होकर हर-हर महादेव के जयघोष लगातार निरंतर हिमलिंग के दर्शन करने के लिए बढ़ रहे हैं। शुक्रवार सुबह 11402 शिवभक्त पहलगाम व बालटाल से भोले बाबा केदर्शन के लिए निकले। पूरे दिन में 9920 श्रद्धालुओं ने गुफा में माथा टेका। इसके साथ ही पहले दो दिनों में हिमलिंग के दर्शन करने वालों शिवभक्तों की संख्या 18,321 पहुंच गई।
सुहावने मौसम के बीच सुबह पहलगाम से 5198 श्रद्धालु यात्रा के लिए निकले। इनमें 4279 पुरुष, 774 महिलाएं तथा 145 साधु शामिल थे। वहीं बालटाल से रवाना हुए 6204 श्रद्धालुओं में 4879 पुरुष, 1221 महिलाएं, 40 साधू तथा 64 बच्चे शामिल थे। गौरतलब है यात्रा शुरू के पहले दिन वीरवार को पहले जत्थे में 12162 श्रद्धालु गुफा की तरफ रवाना हुए थे और 8401 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे।
-----------------------
जम्मू से अब तक का सबसे बड़ा जत्था रवाना
राज्य ब्यूरो, जम्मू : बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ता जा रहा है। यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से शुक्रवार सुबह 2017 श्रद्धालुओं का तीसरा और अब तक का सबसे बड़ा जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। इनमें 1581 पुरुष, 307 महिलाएं, 25 बच्चे, 104 साधु शामिल थे, जो कुल 66 वाहनों पर सवार होकर निकले। इसके अलावा हजारों श्रद्धालु सीधे भी यात्रा पर जा रहे है। पहले जत्थे में 1280 और दूसरे में 1525 श्रद्धालु यात्रा पर रवाना हुए थे। वहीं यात्री निवास में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। साथ में साधु भी आ रहे हैं, जिन्हें राम मंदिर, गीता भवन में ठहराया जा रहा है। साधुओं को निशुल्क एसआरटीसी की बसों से भेजा जा रहा है। यात्रा पर रवाना होने के लिए पहुंचे उत्तर प्रदेश के लखनऊ के राज किशोर, बुआ दित्ता, बिहारी लाल ने कहा कि वे पहली बार यात्रा के लिए आए हैं। पंजाब के लुधियाना से आए राम चंद महाजन, विकास गुप्ता ने कहा कि वे तीसरी बार यात्रा के लिए जा रहे हैं। प्रबंधों से संतुष्ट नजर आए महाजन ने कहा कि यात्रा करने से मन को संतोष मिलता है। यह सब भोलेनाथ की कृपा है।
----------------------