सोनिया-राहुल ने बाढ़ पीड़ितों के घावों पर लगाया मरहम
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। विनाशकारी बाढ़ के बाद सोमवार को पहली बार राज्य के दो दिवसीय दौरे पर कश्मीरी प
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। विनाशकारी बाढ़ के बाद सोमवार को पहली बार राज्य के दो दिवसीय दौरे पर कश्मीरी पहुंची कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बाढ़ पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाया। सोनिया और राहुल ने प्रभावितों को हर संभव मदद का यकीन दिलाते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में कांग्रेस आपके साथ खड़ी रहेगी।
दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के दहरुना गांव में बाढ़ पीढि़तों से बातचीत में सोनिया गांधी ने कहा कि हम आप लोगों की समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे, जितना हो सकेगा, आपकी मदद की जाएगी।
वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आप लोगों के साथ थी, साथ है और रहेगी। पहले ही दिन से कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवा दल, राजीव गांधी फाउंडेशन के साथ देश के अन्य हिस्सों से भी हमारे लोग बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए यहां पहुंच गए थे। वह यहां आज भी राहत कार्याें में जुटे हुए हैं। दुख और मुश्किल की इस घड़ी में हम खुद भी आप लोगों के बीच आकर इस तबाही को देखना चाहते थे। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि हम यहां से श्रीनगर शहर के अलावा बड़गाम भी जाएंगे और वहां के बाढ़ पीडि़तों से भी मिलेंगे।
इससे पूर्व सोनिया और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बाढ़ से बेघर हुए 18 परिवारों को सांत्वना देते हुए उन्हें राशन, कपड़े, कंबल, बर्तन व रोजमर्रा के काम की वस्तुएं भेंट कीं। फिलहाल, ये लोग राजीव गांधी फाउंडेशन द्वारा प्रदान किए गए तंबुओं में रह रहे हैं। इस अवसर पर राहुल व सोनिया के साथ राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद भी मौजूद रहे। वहीं सोनिया व राहुल मंगलवार को जम्मू और पुंछ जिले में भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौर कर पीड़ितों से मिलेंगे।