नौशहरा में भाजपा उम्मीदवार पर जानलेवा हमला, तीन घायल
जागरण संवाददाता, राजौरी : नौशहरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रवींद्र रैणा पर शुक्रवार रात लं
जागरण संवाददाता, राजौरी : नौशहरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रवींद्र रैणा पर शुक्रवार रात लंबेड़ी गांव में पीडीपी कार्यकर्ताओं ने जानलेवा हमला किया। इस दौरान रैणा सहित तीन भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। तीनों को उपजिला अस्पताल नौशहरा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर रैना को जीएमसी अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव बन गया। भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह प्रदर्शन करने लगे।
जानकारी के अनुसार देर शाम भाजपा उम्मीदवार रवींद्र रैणा लंबेड़ी गांव में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान काफी संख्या में पीडीपी कार्यकर्ताओं ने रवींद्र पर धावा बोल दिया। धक्का-मुक्की करने के बाद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी को पथराव से काफी नुकसान पहुंचा है। हमले में रैणा सहित साथ चल रहे अन्य दो कार्यकर्ता मंजीत और सुमित सिंह को चोटें आई। दूसरी वाहन में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत रविंद्र रैणा को हमलावरों के चंगुल से बचाकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद रवींद्र रैणा को पुलिस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल जम्मू ले गई। दो अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। पुलिस ने कुछ लोगों के बयान भी दर्ज किए। एसडीपीओ नौशहरा शरण शुक्ला का कहना है कि मामले की तहकीकात जारी है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। शनिवार को चुनाव होने के कारण पुलिस ने क्षेत्र में चौकसी और बढ़ा दी है। वारदात के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले तो उप जिला अस्पताल नौशहरा के बाहर पीडीपी व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता नौशहरा के बस अड्डे पर एकजुट होकर नारेबाजी करने लगे। उनका कहना है कि जल्द पीडीपी नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। उल्लेखनीय है कि चंद रोज पहले भी पीडीपी व भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई थी।