कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान
संवाद सहयोगी, कालाकोट : पूर्व विधायक अशोक शर्मा ने गांव बटयाड़ी, कटवारी, बढ़ोग, धनमा का दौरा कर लोगों से कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया, जिससे उनकी सभी समस्याओं को समाधान किया जा सके। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने फसलों के हुए नुकसान की पूर्व विधायक को जानकारी दी। वहीं, बिजली, पानी, राशन की समस्या भी बताई। इसके अलावा सड़कों के खस्ताहाल की भी जानकारी देकर मरम्मत की मांग की। लोगों द्वारा गांव पंचायतों की अन्य कई समस्याओं को सुनने के बाद पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस बार कांग्रेस का साथ दे ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही विकास का दूसरा नाम है। जिसे पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने सिद्ध कर दिखाया था। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि वे इस बार पिछली गलतियों को न दोहराएं और कांग्रेस को मजबूत करें। वहीं, उन्होंने लोगों से यह भी आह्वान किया कि वे एक हो जाएं, ताकि इस बार कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित हो पाए। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता निर्मल सिंह, शक्ति कुमार, रछपाल दत्ता, दर्शन कुमार, रोमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।