भाजपा की टिकट के लिए नए युवा चेहरे भी दौड़ में
संवाद सहयोगी, नौशहरा : लोकसभा चुनावों में नौशहरा विधानसभा क्षेत्र से 40 हजार से अधिक वोट हासिल करने वाली भाजपा अब विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए हर तरह का प्रयास करने में जुटी हुई है। पार्टी में उम्मीदवारी को लेकर भी कशमकश है और छह से अधिक उम्मीदवार लाइन में हैं। खास बात यह है कि इन उम्मीवारों में पुराने चेहरों के साथ नए युवा चेहरे भी पार्टी की टिकट के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले साठ वर्षो से नौशहरा विधानसभा में कांग्रेस का ही उम्मीदवार जीत हासिल करता रहा है। पिछले चुनाव में नेकां से राधे श्याम शर्मा को जीत हासिल हुई थी, लेकिन लोकसभा के चुनावों में नौशहरा विधानसभा सीट से भाजपा को 42 हजार से अधिक वोट मिले थे। इसके चलते अब पार्टी को यह उम्मीद है कि इस बार विधानसभा के चुनावों में अगर हमें आधा हिस्सा भी वोट मिल गए तो हमारी जीत तय है। लेकिन इस बार पार्टी को टिकट के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जहां भाजपा के पास पहले एक ही उम्मीदवार हुआ करता था विश्वेंद्र देव, जोकि मूलत: सुंदरबनी के रहने वाले हैं। वहीं अब पार्टी में काफी युवा नेता भी टिकट के लिए अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। नौशहरा में भाजपा की अब तक तीन बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन प्रत्याशी को लेकर जिला एवं मंडल में सहमति नहीं बन पाई। वहीं, भाजपा के लिए एक और बड़ी मुश्किल यह है कि नौशहरा तहसील के लोग नौशहरा से प्रत्याशी की मांग कर रहे हैं। जबकि सुंदरबनी वाले सुंदरबनी के प्रत्याशी की मांग कर रहे हैं। नौशहरा तहसील से भाजपा की टिकट के लिए प्रथम दौड़ में नरेंद्र शर्मा मंगू शामिल हैं, जिनका परिवार प्रजा परिषद से पार्टी के साथ जुड़ा है। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. डा. सतपाल शर्मा के भाई हैं। इस समय नरेंद्र शर्मा के पास भाजपा जिला महासचिव की जिम्मेदारी है। वहीं, भाजपा के मंडल प्रधान मूलराज शर्मा, युवा मोर्च के राज्य प्रधान रविंद्र शर्मा भी दौड़ में शामिल हैं। रविंद्र शर्मा लम्बेडी गांव के हैं और पार्टी में पूर्ण कालिक हैं। वह परिवार को छोड़ कर बचपन से ही संघ में शामिल हो गए थे। पिछले छह वर्षो से भाजपा में सक्रिय हैं एवं सबसे युवा नेता भी हैं। वहीं, भाजपा महिला मोर्च की जिला प्रधान नीना शर्मा भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं। सुंदरबनी की बात की जाए तो सुशील सूदन पिछले कई सालों से यहां काम कर रहे हैं। वह बजरंगदल के राज्य प्रधान रहे हैं और शुरुआत से भाजपा युवा मोर्च के राज्य उपप्रधान थे। अब उनके पास भाजपा युवा मोर्च जिला महासचिव की जिम्मेवारी है। बीते चुनावों में वह एक बार स्टेट मोर्च से भी चुनाव लड़ चुके हैं और उन्हें तीन हजार से अधिक वोट मिले थे। वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर के करीबी भी माने जाते हैं। पूर्व जिला प्रधान रमेश शर्मा भी टिकट के लिए तैयार बैठे हैं। ऐसे में भाजपा किसी को भी नाराज करने के पक्ष में नहीं है। इस संबंध में भाजपा युवा मोर्च के प्रधान रविंद्र रैना ने बताया कि पार्टी हाई कमान जिसको भी प्रत्याशी बनाए हमें वह मंजूर होगा। हम तो पार्टी के सिपाही हैं।