भगवान श्री परशुराम जयंती पर शोभायात्रा आज
संवाद सहयोगी, कठुआ : भगवान श्री परशुराम जी की जयंती को लेकर शुक्रवार को शहर में भव्य शोभा यात्रा का
संवाद सहयोगी, कठुआ : भगवान श्री परशुराम जी की जयंती को लेकर शुक्रवार को शहर में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें भगवान श्री परशुराम पर आधारित कई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। ब्राह्मण सभागार से शुरू होने वाली शोभा यात्रा शहर का भ्रमण करने के उपरांत वापिस सभागार में सम्पन्न होगी। शोभा यात्रा में श्री गंगाधर शास्त्री जी विशेष तौर पर पहुंचेंगे। वहीं, सभागार में जारी ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन भी श्री कुलदीप शास्त्री ने प्रवचनों के साथ भजन सुनाकर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान के भजनों की धुन पर उपस्थित भक्त भी झूमने को मजबूर हो गए। प्रवचनों में कुलदीप शास्त्री ने कहा कि इस जीवन के एक पल का भी भरोसा नहीं है लेकिन इसके बाद भी मनुष्य दिन रात धन और संपति को बनाने में लगा हुआ है। जबकि किसके पास कितना धन और संपति रहेगी, यह प्रभु तय करता है। लेकिन इसके बाद भी इस संसारिक समाज में मनुष्य पाप , धोखाधड़ी से ज्यादा से ज्यादा संपति अर्जित करने में लगा हुआ है जबकि इस जीवन के सांसों की डोर कब छूट जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है, इसीलिए सबकुछ प्रभु पर छोड़कर अपने जीवन को सफल बनाने के लिए प्रभु से प्रेम करना चाहिए और प्रत्येक काम भी प्रभु को समर्पित कर करना चाहिए। इसीसे मनुष्य को शांति मिलेगी और उसका हर काम असंभव से संभव होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं को अपने जीवन को प्रभु रंग में रंगने का आह्वान किया और कहा कि इसी में मनुष्य का कल्याण है।