काम पर लौटे पीएचई कर्मी, सप्लाई बहाल
- हड़ताल के कारण पांच दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे थे लोग संवाद सहयोगी, कठुआ : पीएचई अस्थायी क
- हड़ताल के कारण पांच दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे थे लोग
संवाद सहयोगी, कठुआ :
पीएचई अस्थायी कर्मियों की हड़ताल स्थगित होने के बाद शहर में पांचवें दिन जलापूर्ति बहाल हुई। घरों में पानी की सप्लाई आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। हड़ताल के कारण पिछले चार दिनों से शहर में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी थी। लोगों को पीने का पानी जुटाने के लिए ट्यूबवेल या फिर चौराहों पर लगे सार्वजनिक हैंडपंप पर जाना पड़ रहा था।
शहर के साथ लगते लगते इलाकों में स्थिति और भी बुरी थी। पानी की कमी को पूरा करने के लिए लोगों को निजी टैंकर सप्लाई भी लेनी पड़ी। हालांकि विभाग का दावा है कि इस दौरान पेयजल आपूर्ति को नियमित बनाने के लिए विभाग ने स्थायी कर्मियों की सेवा ली हुई थी परंतु इसके बावजूद लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे थे। विभागीय अनदेखी के खिलाफ लोगों में भी आक्रोश भड़कना शुरू हो गया था। गनीमत यही कि कर्मियों की हड़ताल चार दिनों के बाद खत्म हो गई, यदि हड़ताल ओर चलती तो गर्मियों के इस मौसम में लोगों की परेशानियां और बढ़ जाती।
शहर के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने तो विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में सड़क पर उतरने का मन बना लिया था।
-----
तेज आंधी ने कुछ इलाकों में जलापूर्ति में डाली बाधा
कठुआ : पीएचई अस्थायी कर्मियों की हड़ताल स्थगित होने के बाद रविवार सुबह कर्मी काम पर तो लौट आए परंतु बीती रात तेज आंधी के कारण ठप हुई बिजली सप्लाई पेयजल आपूर्ति में बाधा बनी। दोपहर बाद बिजली सप्लाई बहाल होते ही पीएचई विभाग ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में एक से दो घंटे क्रमबद्ध तरीके से सप्लाई देना शुरू कर दिया। एग्जिक्यूटिव इंजीनियर गोपाल शर्मा ने कहा कि बीती रात आंधी के कारण बिजली ढांचे को नुकसान के कारण रविवार सुबह तक बिजली सप्लाई ठप रही। जिसके कारण कई इलाकों में जलापूर्ति नहीं हो पाई। हालांकि दोपहर बाद बिजली सप्लाई बहाल होते ही पानी की आपूर्ति की बहाल कर दी गई। उन्होंने कहा कि जिन स्टेशनों से सप्लाई पर्याप्त नहीं हुई है वहां एक दो दिन में सप्लाई ठीक हो जाएगी।
----