..अगले बरस तू जल्दी आना, गणपति बप्पा मोरया
संवाद सहयोगी, कठुआ : श्रीगणेश उत्सव के कारण शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान गणेश की मूर्तियों को सोमवार को विधि विधान के साथ विसर्जित कर दिया गया। ढोल नगाड़ों के साथ निकाली गई शोभा यात्रा में भक्तों ने भाग लेकर भगवान गणेश के प्रति आस्था एवं श्रद्धा का परिचय दिया।
शहर के मुख्य पुराने गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के सोमवार को अंतिम दिन शाम के समय ढोल नगाड़ों के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। आयोजन स्थल से शुरू हुई शोभा यात्रा सीधा शहीदी चौक से कॉलेज मार्ग से सीधा ड्रीम लैंड पार्क पर पहुंची, यहां भगवान गणेश की मूर्ति को विधिवत तरीके से विसर्जित कर दिया गया। शोभा यात्रा में एक वाहन को विशेष रूप से सजाया गया था। वाहन पर भगवान गणेश की मूर्ति को पूरी सजावट के साथ रखा गया था। यात्रा मार्ग तक भजन कीर्तन व जयघोष से भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभा यात्रा ड्रीम लैंड पार्क पहुंचने के बाद यहां विधिवत तरीके से मूर्ति को विसर्जित कर दिया गया।
आयोजन समिति के दिवाकर शर्मा, सुरेंद्र बजाज, संदीप सिंह, डॉ. दुष्यंत उब्बट ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश उत्सव पूरी धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया है। गणेश उत्सव के चलते रात के समय दिखाई जाने वाली झांकियों को देखने के लिए हजारों की तादाद में भक्तों की संख्या ने भगवान गणेश के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष भी गणेश उत्सव धूमधाम एवं भक्तों के सहयोग से मनाया जाएगा।
कृष्णा कालोनी में भी भगवान गणेश की स्थापित की गई मूर्ति को विधिपूर्वक विसर्जित कर दिया गया। यहां प्रवासी श्रमिकों ने शोभा यात्रा निकाली। बस में सवार होकर भक्त उज्ज दरिया पहुंचे, यहां भगवान गणेश की मूर्ति को विसर्जित कर दिया गया।