जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर लौटे लोगों का स्वागत
संवाद सहयोगी, बिलावर : दिल्ली में पाक उच्चायुक्त कार्यालय में आल पार्टी हुर्रियत काफ्रेंस को आतंकी संगठन घोषित करने व रिफ्यूजियों के अधिकारों के लिए तीन दिनों तक जंतर मंतर पर धरना देकर लौटे डोगरा फाइटर सोशल आर्गनाइजेशन के सदस्यों का लोगों ने भव्य स्वागत किया। फिंतर चौक पर अध्यक्ष नरेश सिंह सहित 70 कार्यकर्ताओं का ग्रामीणों ने पूरी गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए उन्हें फूल मालाएं पहनाई।
इस मौके पर महासचिव अविनाश वैद्य, अंजू वर्मा , विनोद गुप्ता , संजीव शर्मा ने कहा कि सरकार को चाहिए कि जिन रिफ्यूजियों के अधिकारों के मुद्दे पर उसने लोगों से वोट बटोरे हैं। वह अब अधिकार भी दे। साथ में देश के खिलाफ हमेशा जहर उगलने वाले हुर्रियत जैसे संगठन को आतंकी संगठन घोषित किया जाए। जिसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में गिरफ्तारियां दी हैं।
वहीं, अध्यक्ष नरेश सिंह ने अपने आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कहते हुए कहा कि उक्त मुद्दों को लेकर लड़ाई की शुरूआत हुई है। इसे अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।