अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपाई सक्रिय
संवाद सहयोगी, चडवाल : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की कठुआ रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। शनिवार को कंडी मंडल प्रधान आशा नंद खजूरिया व वरिष्ठ नेता सतीश शर्मा ने कंडी मंडल के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनी और उनसे भाजपा को समर्थन देने की अपील की। वहीं, लोगों ने राशन, पानी व बिजली सहित अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उजागर किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को उनका हक नहीं दे रही है। गरीब परिवारों के हिस्से का राशन कहां जा रहा है, इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी। अगले चुनाव में भाजपा को समर्थन करें ताकि भाजपा अपने स्तर पर अगली सरकार बना सके और जम्मू के लोगों को इंसाफ मिल सके।
इस मौके पर नायब सरपंच रवि अबरोल, कंडी मंडल उपप्रधान रवींद्र खजूरिया, सचिव रघुवीर सिंह व पुरुषोत्तम शर्मा मौजूद थे।