बाइक और बस की भिड़ंत में दो जख्मी
संवाद सहयोगी, कठुआ : जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एसआरटीसी की बस और बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस की फ्लाइंग स्कवायड टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। घायलों की पहचान 32 वर्षीय शाम लाल पुत्र चरण दास व 28 वर्षीय धनी राम पुत्र राम देव दोनों निवासी पटेल नगर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय पेश आया जब चुनाव ड्यूटी पर सुरक्षाबलों और चुनाव कर्मियों को हीरानगर ले जा रही बस ने माई चक के पास एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद भर्ती कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।