पटोली की टूटी सड़के बनी सिरदर्द
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के पटोली क्षेत्र में टूटी सड़कें लोगों के लिए सिरदर्द बन गई हैं। हादसों
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के पटोली क्षेत्र में टूटी सड़कें लोगों के लिए सिरदर्द बन गई हैं। हादसों को न्योता दे रहे गड्ढ़ों और अधूरे कार्यो पर सरकार की चुप्पी लोगों में रोष बढ़ा रही है।
हाल ही में जम्मू नगर निगम ने पटोली में एक पुली का निर्माण कराया। सड़क से ऊंची बनाई गई इस पुली के बनने से लोगों को यह राहत महसूस हुई कि अब नाले का पानी सड़क पर नहीं आएगा। मुश्किल यह है कि एक काम पूरा किया तो दूसरा बढ़ा दिया गया। पुली के निर्माण के दौरान टूटी सड़क को अब कोई ठीक नहीं किया गया। नतीजतन क्षेत्र की इस सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। आसपास की गलियां भी चलने लायक नहीं रह गई। बार-बार कहने के बावजूद सरकारी अधिकारी इलाके की सुध नहीं ले रहे हैं। निर्माण कार्य अधर में लटके हुए हैं।
पटोली की मुख्य सड़क के अलावा मुहल्ले की गलियां भी जगह-जगह से टूटी हैं। इस कारण कई बार कुछ दो पहिया चालक घायल भी हो चुके हैं। लोग चाहते हैं कि सड़क एवं भवन निर्माण विभाग और जम्मू नगर निगम इलाके की सड़कों, गलियों का निर्माण करा कर समस्या का समाधान करें। उन्होंने कहा कि लोगों को सड़कों पर उतरने को मजबूर न किया जाए। संबंधित विधायक को भी इलाके का दौरा कर क्षेत्रवासियों की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
क्या कहते हैं लोग:
'पटोली में सड़कों का हाल बुरा है। यहां बनाई गई पुली के निर्माण में भी घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। महीना भी नहीं हुआ कि इसके पास का ढांचा टूट चुका है। सड़क का हाल भी बदतर हो गया है। यहां चलना मुश्किल है।
-अमित कुमार
'सरकारी अनदेखी के चलते लोग परेशान हैं। इलाके की सड़कें मरम्मत का इंतजार कर रही है। यहां पुली के निर्माण के लिए महीना भर मुख्य मार्ग बंद रहा। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो सका। सड़क भी टूट चुकी है। बिना देरी इन्हें ठीक किया जाना चाहिए। '
-विपिन कुमार
'मुहल्ले की अधिकतर सड़कें खराब हो चुकी हैं। इनकी मरम्मत रूटीन में नहीं होने से बदहाली का आलम है। सड़कों और टूटी गलियां, नालियों का निर्माण किया जाना चाहिए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। औपचारिकता के तौर पर विकास कार्य करवाने का मतलब पैसे का दुरुपयोग है।'
-अमित चड्ढा
'मुहल्ले की मुख्य सड़क के अलावा बीच की गलियां जगह-जगह से टूट चुकी हैं। इन्हें ठीक कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे। क्षेत्र के विधायक ने भी इलाके का दौरा करने की अभी तक जहमत नहीं उठाई है। नगर निगम व अन्य विभाग भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। इससे लोगों का मुश्किलें हो रही हैं।'
-सुमित
'क्षेत्र के विधायक को इलाके का दौरा कर सड़कों को ठीक कराना चाहिए। पटोली ही नहीं जम्मू पश्चिम विधानसभा की सड़कों के लिए अलग फंड घोषित कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। लोगों की सड़कों, गलियों व नालियों की मरम्मत पर ध्यान दिया जाना चाहिए।'
-पंकुश मेहरा
-----
क्या कहते हैं विधायक:
'जम्मू पश्चिम में सड़कों का निर्माण शुरू किया गया है। कुछ इलाकों में ईरा के कार्य के चलते थोड़ी दिक्कत जरूर है लेकिन सरकार इन्हें भी जल्द हल कर देगी। सड़कों का निर्माण करवा लिया जाएगा। लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए सारे प्रयास किए जा रहे हैं।'
-सत शर्मा, विधायक, जम्मू पश्चिम