श्रमिक से छह किलो गांजा बरामद
जागरण संवाददाता, जम्मू : भठिंडी पुलिस ने मादक पदार्थ गांजे की तस्करी के आरोप में एक श्रमिक
जागरण संवाददाता, जम्मू : भठिंडी पुलिस ने मादक पदार्थ गांजे की तस्करी के आरोप में एक श्रमिक को दबोचा है। आरोपी के कब्जे से छह किलो गांजा बरामद हुआ।
श्रमिक की पहचान शाम विश्वकर्मा निवासी ओडिशा, जो इन दिनों सुंजवा मोड़ में रहता है, के रूप में हुई है। एसडीपीओ सब डिवीजन सिटी ईस्ट अरुण जम्वाल ने सुंजवा मोड़ में नाका लगाया था। इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो तस्कर ने भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने व्यक्ति का पीछा कर उसे कुछ दूरी पर दबोच लिया। उसने कंधे पर बैग उठाया हुआ था। पुलिस कर्मियों ने बैग को खोल कर देखा तो उसके अंदर गांजे के पैकेट पड़े हुए थे। उसे पूछताछ के लिए सीधे थाने ले जाया गया। बैग से मादक पदार्थ गांजे के एक-एक किलो वाले छह पैकेट बरामद हुए।
तस्कर ने पुलिस को बताया कि वह ट्रेन से हेरोईन को लेकर जम्मू आया था और पैदल ही अपने घर की ओर जा रहा था। इसी बीच, पुलिस कर्मियों ने उसे रास्ते में दबोच लिया। त्रिकुटा नगर थाने में तस्कर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले को दर्ज किया गया है।