नहीं मिला मोर्टार हमले में नुकसान का मुआवजा
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा : पाकिस्तानी गोलीबारी में पूरे घर को नुकसान पहुंचा। घर के अंदर सामान को भी न
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा : पाकिस्तानी गोलीबारी में पूरे घर को नुकसान पहुंचा। घर के अंदर सामान को भी नुकसान हुआ लेकिन इसका मुआवजा तो दूर, सरकार व प्रशासन ने जायजा तक नहीं लिया। यह आपबीती है आरएसपुरा के सीमा से सटे गाव विधिपुर जटा निवासी देसराज की। पिछले साल 25 अक्टूबर को पाक गोलीबारी में देसराज का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। घर के अंदर खड़ी कार व अन्य वाहनों को नुकसान हुआ। देसराज ने बताया कि उसने तहसीलदार से लेकर प्रधानमंत्री तक को अवगत करवाया है। 25 अक्टूबर की रात पाकिस्तान द्वारा की गई भारी गोलाबारी में उसके घर में तीन मोर्टार शेल गिरे थे। इससे घर की छत सहित आंगन में खड़े वाहनों को काफी नुकसान हुआ था। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज की। देसराज ने बताया कि 9 मई को बासपुर बाग्ला में जिलाधीश जम्मू द्वारा आयोजित पब्लिक दरबार में भी उन्होंने इस समस्या को रखा था। जिलाधीश ने भी तहसीलदार को निर्देश दिए थे। देसराज ने आरटीआई से जानकारी ली कि मुआवजा क्यों नहीं मिला। जवाब मिला कि नुकसान वालों की सूची में उसका नाम नहीं है। तहसीलदार सुचेतगढ़ सविता चौहान का कहना कि यह केस पहले भी उनके कार्यालय से भेजा गया था। किसी कारण यह केस आगे नहीं जा सका। अब दोबारा तैयार कर भेजा जा रहा है।